रामू का बाग

रामू ने एक बाग लगाया,
पानी दे दे उसे बढ़ाया।
आम और अमरूद रसीले,
चीकू जामुन भी चमकीले।
केले और अंगूर लगाये,
लीची सबका मन ललचाये।
अनार देखकर बंदर आये,
रामू डण्डा उसे दिखाये।।

अजब तमाशा

देखो राजा अजब तमाशा,
बकरी बजा रही है बाजा।
फुदक-फुदक कर मुर्गी गाती,
भेड़ कुतर रही है खाजा।
घोड़ा हिन-हिननाच दिखाता,
सुअर मजे से चने चबाता।
गधा जोर से तान सुनाता,
बैल खेत में दौड़ लगाता।।

अपना घर

 एक चिडिय़ा के बच्चे चार, 
घर से निकले पंख पसार।
पूरब से पश्चिम को जाते,
उत्तर से दक्षिण को जाते।
घूम-घाम कर घर जब आए,
माता को यह वचन सुनाए।
देख लिया हमने जग सारा,
अपना घर है सबसे प्यारा।।

जंगल का राजा

बना शेर जंगल का राजा,
लगा बजाने भालू बाजा।
मिनी लोमड़ी गाना गाती,
हिरनी ढम-ढम ढोल बजाती।
मोर हंस को साथ है लाया,
हाथी जी ने नाच दिखाया।
सभी जानवर मंगल गाते ,
हिल मिलकर सब खुशी मनाते।।

सर्दी

स्वेटर कोट गरम कपड़ों का
मौसम लेकर सर्दी आयी
सुबह सवेरे धुप सुहाती
और रात में गर्म रजाई
आइसक्रीम से डर लगता है
गरम चाय ही भाती है
न...न... करके मुन्नी भागे
मम्मी जब नहलाती है